#हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जनर्लिस्टस ने उपायुक्त अपूर्व देवगन के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह को सौंपा ज्ञापन।

#खबर अभी अभी मंडी ब्यूरो*

15 अक्तूबर 2024

हिमाचल प्रदेश यूनियन आफ जनर्लिस्टस,नेशनल यूनियन ऑफ़ जर्नलिस्ट्स और मंडी जिला के सभी प्रैस क्लब द्वारा जिला उपायुक्त अपूर्व देवगन के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से पत्रकार संघ ने शिमला सदर थाना में मुकदमा नंबर 132/2024 दिनांक 08-10-2024 धारा 336/4 61 /2,बीएनएस को निरस्त करने की मांग की है। हिमाचल प्रदेश यूनियन आफ जनर्लिस्टस के राज्य अध्यक्ष बीरबल शर्मा ने बताया कि हरियाणा चुनाव परिणाम के विश्लेषण को लेकर धर्मशाला से चलने वाले वेब पोर्टल दी न्यूजराडार में 8 अक्तूबर को प्रकाशित समाचार को लेकर उपरोक्त धारा के संबंध में जो मुकदमा दर्ज किया गया है वह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। उन्होंने बताया कि सभी मीडिया कर्मी इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हैं तथा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह करते हैं कि प्रदेश सरकार व मीडिया कर्मियों के बीच जो सौहार्दपूर्ण वातावरण बना हुआ है उसे बरकरार रखने के लिए इस मुकदमे को तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाए।
उन्होंने बताया कि सरकार की तमाम योजनाओं, विकास के कार्याें व रोजाना लिए जाने वाले जनहित के निर्णयों व जरूरी सूचनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का काम हिमाचल के मीडिया कर्मी पूरी ईमानदारी व निष्ठा से कर रहे हैं।उन्होंने बताया कि सरकार को ऐसा लगता है कि गलत प्रकाशन हुआ है या किसी ने दुर्भावना से सरकार को नुकसान पहुंचाने का काम किया है तो उसका खंडन किया जा सकता है, उसे लेकर पक्ष रखा जा सकता है मगर मुकदमा दर्ज करना जहां माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशों के विपरीत है वहीं लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की आजादी पर भी गहरा प्रहार है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस मुकदमे को तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाए ताकि सरकार व मीडिया के बीच आपसी संबंध मधुर बने रहें। उन्होंने बताया कि यदि इस मुकदमे को वापस नहीं लिया जाता है तो आने वाले समय में इसे लेकर पूरे प्रदेश के मीडिया कर्मी एक जुट होकर कोई कठोर निर्णय ले सकते हैं।
Share the news