हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सेशन सोमवार दोपहर बाद 2 बजे से शुरू

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सेशन सोमवार दोपहर बाद 2 बजे से शुरू हो रहा है। इसकी शुरुआत राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के अभिभाषण से होगी। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को 16 फरवरी 2026 को शिमला में विधानसभा में हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का विधानसभा बजट सत्र के उद्घाटन के दिन विधानसभा शिमला में स्वागत किया गया।अभिभाषण के बाद पहले ही दिन केंद्र की ओर से राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद किए जाने पर सत्तापक्ष ने चर्चा कराने का प्रस्ताव दे दिया है। नियम 102 के तहत चर्चा का यह प्रस्ताव विधानसभा सचिवालय ने पहले दिन की कार्यसूची में भी शामिल कर लिया है। इस पर हंगामे के पूरे आसार हैं। सत्तापक्ष आरडीजी पर विपक्ष को घेरने की तैयारी में है, वहीं भाजपा भी इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाएगी। रणनीति के लिए दोनों दलों ने सोमवार को सत्र से पहले विधायक दलों की बैठकें बुला ली हैं।उधर, टकराव को रोकने के मद्देनजर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी सत्र शुरू होने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई है। चौदहवीं विधानसभा का ग्यारहवां सत्र और वर्तमान सरकार का चौथा बजट सत्र इस बार हंगामेदार होगा। पहले दिन अभिभाषण के बाद शोकोद्गार होगा। उसके बाद सरकार आरजीडी पर चर्चा लाने की तैयारी में है। स्पीकर का कहना है कि सरकार की ओर से आरडीजी पर चर्चा का प्रस्ताव मिला है, इस पर निश्चित तौर पर चर्चा होगी।

Share the news