हिमाचल: बदले सिलेबस के साथ शिक्षा बोर्ड ने शीतकालीन स्कूलों को भेजीं किताबें

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शीतकालीन स्कूलों में बदले सिलेबस के साथ किताबें भेजने का कार्य शुरू कर दिया है। यह बदलाव चौथी से आठवीं कक्षा तक की किताबों में किया गया है। इन किताबों को शिक्षा बोर्ड ने शीतकालीन स्कूलों से संबंधित डिपुओं में भेजने का कार्य शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से चौथी से आठवीं कक्षा तक का सिलेबस बदला है। पाठ्यक्रम में यह बदलाव नई शिक्षा नीति के तहत किया गया है, जबकि शिक्षा बोर्ड ने इस बार एनसीईआरटी के सिलेबस को अपनाया है। एनसीईआरटी के सिलेबस के अनुरूप ही किताबों को प्रिंट करवाया गया है। वहीं स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि बदले गए सिलेबस के साथ शिक्षा बोर्ड ने शीतकालीन स्कूलों के लिए अगले शैक्षणिक सत्र के लिए किताबों को भेजने का कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि एनसीईआरटी ने पाठ्यक्रम में बदलाव करने की बात कही है। हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड भी एनसीईआरटी का पाठ्यक्रम अपनाता है। इसके चलते पाठ्यक्रम में यह बदलाव किया गया है।

Share the news