हिमाचल में दो दिन भारी बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का अलर्ट, जानें कब तक खराब रहेगा माैसम

हिमाचल प्रदेश में दो दिन भारी बारिश-बर्फबारी, अंधड़ व ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार रात को भी अंधड़ के साथ बारिश से भारी नुकसान हुआ। तेज हवाओं के कारण प्रदेश भर में जगह-जगह पेड़ गिरने से दर्जनों घर और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। जिला हमीरपुर के मैहरे बाजार में एक झुग्गी पर पेड़ गिरने से भीतर सो रहे आठ साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि पिता घायल हैं। वहीं, मंडी में एक महिला की अंधड़ के बीच संतुलन खोकर लेंटर से गिरने से मौत हो गई।

इतने दिन खराब रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 18 और 20 अप्रैल को मध्य और ऊंचे पहाड़ी कई हिस्सों सहित निचले पहाड़ी-मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 18 अप्रैल को मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 19 अप्रैल  को राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 21 और 22 अप्रैल के दौरान ऊंची चोटियों और आसपास के मध्य पहाड़ी स्थानों पर अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 23 अप्रैल से पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

इन जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट
माैसम विभाग के अनुसार 18 व 19 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहाैल-स्पीति व 19 अप्रैल को मंडी जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इस दाैरान चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। जबकि बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर, किन्नाैर, शिमला, सोलन व सिरमाैर जिले में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।  साथ ही अंधड़ चलने का येलो-ऑरेंज अलर्ट है। शिमला, सोलन, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। शिमला में आज माैसम साफ बना हुआ है।

तापमान में आएगा ये बदलाव

वहीं, अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। उसके बाद धीरे-धीरे राज्य के कई हिस्सों में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और उसके बाद अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।  उसके बाद धीरे-धीरे राज्य के कई हिस्सों में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।

कहां कितना न्यूनतम तापमान

शिमला में न्यूनतम तापमान 16.6, सुंदरनगर 15.1, भुंतर 13.2, कल्पा 7.5, धर्मशाला  16.4, ऊना 15.4, नाहन 18.7, केलांग 3.6, पालमपुर 15.0, सोलन 13.4, मनाली 10.2, कांगड़ा 16.4, मंडी 16.7, बिलासपुर 16.2, हमीरपुर 15.7, चंबा 14.5, कुफरी 13.3, कुकुमसेरी 3.5, नारकंडा 11.2, भरमाैर 13.9, रिकांगपिओ 10.3, सेऊबाग 10.0, बरठीं 15.2, कसाैली 18.3, पांवटा साहिब 19.0, सराहन 12.0, ताबो 7.0, बजाैरा 13.1 व देहरा गोपीपुर में 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
Share the news