
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
19 मई 2024

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश में तीन जगह चुनावी जनसभाएं कर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जुबानी हमला बोला। सोलन के कुनिहार में नड्डा ने कहा कि प्रदेश में बैक गियर की सरकार है। कांग्रेस ने सत्ता में आते ही 900 संस्थान बंद कर दिए। कांगड़ा के रैहन में कहा कि घमंडिया इंडिया गठबंधन परिवार वालों का गठबंधन है। अपने परिवारों के विकास और बेटों को मुख्यमंत्री बनाने के लिए गठबंधन हुआ है। चंबा में कहा कि देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनी तो उरी में आतंकी हमले का जवाब हमारी सेना ने पाकिस्तान में उनके घर में घुसकर आतंकी मारे
कुनिहार में नड्डा ने कहा कि घमंडिया गठबंधन के नेता कोई जेल में है तो कोई बेल में। सोनिया गांधी हो या राहुल या फिर केजरीवाल सभी पर घोटालों के आरोप हैं। पहले कश्मीर में कोई आतंकी घटना होती थी तो दिल्ली में बिरयानी खिलाकर समझौते की बात करते थे, आज सुबह घटना होती है तो दोपहर तक सर्जिकल स्ट्राइक कर दी जाती है। कांग्रेस ने 70 सालों में देश में केवल फूट डालो और राज करो की राजनीति की। अब उत्तर से दक्षिण तक लोगों को लड़ा रहे हैं। यहां उन्होंने शिमला संसदीय सीट से पार्टी प्रत्याशी सुरेश कश्यप को जिताने की अपील की।





