हिमाचल में सैलानियों की संख्या में इजाफा शुरू, बर्फबारी के बाद कमरों की एडवांस बुकिंग में उछाल

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

3 फरवरी 2024

After snowfall, there is a surge in advance booking of rooms, these cities become the first choice of tourists

ताजा बर्फबारी के बाद हिमाचल में सैलानियों की संख्या में इजाफा होना शुरू हो गया है। इस वीकेंड के लिए होटलों के कमरों की एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। शिमला, कुफरी, नारकंडा, कुल्लू-मनाली, कसौली, चायल, चंबा और खजियार सैलानियों के लिए पहली पसंद बने हुए हैं। जनवरी में बर्फबारी न होने से हिमाचल में पर्यटन कारोबार धीमा पड़ गया था। शिमला में सीजन के पहले हिमपात के बाद सैलानियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की उम्मीद है।

बर्फबारी के बाद हिमाचल में पर्यटन कारोबार के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। वीकेंड के लिए जहां होटलों के कमरे एडवांस बुक हाेने शुरू हो गए हैं, वहीं पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए सैलानी ट्रैवल पैकेज बुक कर रहे हैं। लंबे अंतराल के बाद टैक्सी कारोबारियों के काम में भी तेजी आनी शुरू हो गई है। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े गाइड, फोटोग्राफर, घोड़ा संचालक सभी उत्साहित हैं। कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में सैलानियों की संख्या बढ़ गई है। दिल्ली, चंडीगढ़ और कालका से शिमला आने वाली लग्जरी बसें भी पैक चल रही हैं।
ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि बर्फबारी के बाद शिमला, नारकंडा, किन्नौर, मनाली, कसौली, चंबा और खजियार के लिए अधिक संख्या में बुकिंग आ रही है। टूरिस्ट बर्फ गिरने का इंतजार कर रहे थे। फरवरी के पूरे महीने में प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार रहेंगे। ऑल हिमाचल कॉमर्शियल व्हीकल ज्वाइंट एक्शन कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी होते ही साइट सीन के लिए टैक्सियों की बुकिंग बढ़नी शुरू हो गई है। पिक और ड्रॉप के लिए भी बड़ी संख्या में गाड़ियों की मांग आ रही है। विंटर टूरिस्ट सीजन के दौरान पहली बार टैक्सी कारोबार ने रफ्तार पकड़ी है।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news