हिमाचल में 11 दिंसबर तक नहीं टूटेगा Dry Spell, आगे कैसा रहेगा मौसम, जानिए

शिमला/कुल्लू। प्रदेश में ड्राई स्पैल अभी 11 दिसंबर तक नहीं टुटने वाला है। वहीं तापमान में भी कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो रही है, लेकिन वह उन स्थानों पर हो रही है, जहां पर लोगों का आना जाना तक नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। राज्य में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य के निकट रहा, जबकि कुछ जगह यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अधिकतम तापमान में भी कोई विशेष परिवर्तन नहीं देखा गया। अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य या उसके आसपास रहा, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा। राज्य में आज सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में माइनस 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि कल का सबसे अधिक अधिकतम तापमान पांवटा साहिब में 25 डिग्री सेल्सियस रहा। पूरे प्रदेश में वर्षा, हिमपात, आंधी, ओलावृष्टि, तेज़ हवाएं या पाला कहीं भी दर्ज नहीं हुआ। बिलासपुर में घना कोहरा और मंडी में हल्का कोहरा छाया रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में 3.1 से 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आसपास भी डेढ़ किमी ऊंचाई तक प्रेरित चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभ मंडल में 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। पूर्वानुमान के अनुसार 5 और 7 दिसंबर को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों की उच्च पहाडिय़ों और ऊपरी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा या हिमपात की संभावना है। सप्ताह के शेष दिनों में मौसम शुष्क बने रहने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान अगले 24 घंटों में दो से तीन डिग्री तक बढ़ सकता है, जिसके बाद आगामी दो से तीन दिनों में इसी सीमा तक गिरावट संभावित है। अधिकतम तापमान भी अगले 24 घंटों में दो से तीन डिग्री तक बढऩे और बाद में धीरे-धीरे समान सीमा तक घटने की संभावना है। मौसम चेतावनी के अनुसार 5, 6 और 7 दिसम्बर को बिलासपुर जिले में भाखड़ा बांध क्षेत्र में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने की आशंका है। मंडी जिले की बल्ह घाटी में भी 7 से 9 दिसम्बर तक देर रात और सुबह के समय घने कोहरे की संभावना जताई गई है।

अभी 11 दिंसबर तक प्रदेश में ड्रॉई स्पैल नहीं टूटने वाला है। हालांकि कुछेक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश बर्फबारी हो सकती है। यह वह स्थान हैं, जहां लोग नहीं रहते हैं।

Share the news