हिमाचल मे बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं, इस डेट तक साफ़ रहेगा मौसम, जानिए…

शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में बीते कई दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है और आगामी दिनों में भी मौसम के मिजाज में कोई परिवर्तन नहीं दिखाई देगा। मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 15 से 21 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इससे पहले विभाग ने 17 और 18 फरवरी को ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई थी, लेकिन अब जारी अपडेट में मौसम के पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार 16 फरवरी को एक ताजा वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, लेकिन इसका असर हिमाचल प्रदेश में नहीं दिखेगा। यानी राज्य में न तो बारिश होगी और न ही बर्फबारी की संभावना है। राज्य भर में रविवार को भी मौसम साफ बना हुआ है।

राजधानी शिमला और पर्यटन स्थल मनाली में गुनगुनी धूप खिली है, जबकि निचले इलाकों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा दर्ज किया गया। तापमान के लिहाज से देखें तो जनजातीय इलाकों में अभी भी सर्दी का असर बना हुआ है। लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ताबो में -6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

कहां, कितना तापमान

मनाली 2.7, सोलन 4.3, सराहन 4.7, सुंदरनगर 5.7, भुंतर 5.5, कांगड़ा 6.5 , मंडी 7.1 , पालमपुर 7.0 और धर्मशाला में 7.2 डिग्री दर्ज किया गया।

सामान्य से एक डिग्री बढ़ा न्यूनतम पारा

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब एक डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। 24 घंटों में औसतन न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लगातार साफ मौसम के कारण दिन के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो रही है। लगातार साफ मौसम के कारण दिन के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि जनवरी के आखिरी पखवाड़े में राज्य में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हुई थी, लेकिन उसके बाद से मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना हुआ है।

Share the news