
जिला पुलिस शिमला द्वारा हाल ही में पंजाब से गिरफ्तार किए गए मुख्य सरगना चिट्टा सप्लायर आरोपी विजय बिहारी उर्फ डेविड को अब पुलिस थाना रामपुर में दर्ज अभियोग की जांच के सिलसिले में कस्टडी ट्रांसफर कर रिमांड पर लिया गया है।
प्राथमिकी संख्या (FIR No.) 10/26, धारा 21 व 29 NDPS Act के तहत दिनांक 07-02-2026 को थाना रामपुर में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में एक वाहन में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 9.26 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। आरोपियों का विवरण इस प्रकार है:
युगल किशोर, पुत्र सुशील कुमार, निवासी ग्राम एरली, डाकघर थैली चक्की, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला, आयु 35 वर्ष।
नरेश, पुत्र स्वर्गीय हेम बहादुर, निवासी ग्राम व डाकघर शानान, तहसील एवं जिला शिमला, आयु 23 वर्ष।
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ, मोबाइल CDR, बैंक लेन-देन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में सामने आया कि आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से “विजय बिहारी उर्फ डेविड” से संपर्क कर चिट्टा खरीदा था। जांच में यह भी पाया गया है कि आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर चिट्टा सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
उक्त आरोपी पूर्व में थाना ठियोग के एक अन्य NDPS मामले में न्यायिक हिरासत में था। माननीय न्यायालय से कस्टडी ट्रांसफर (प्रोडक्शन वारंट) प्राप्त कर उसे थाना रामपुर लाया गया है। वर्तमान में विजय बिहारी उर्फ डेविड 3 दिन की पुलिस रिमांड पर है, जिससे गहन पूछताछ कर सप्लाई नेटवर्क और अन्य संभावित लिंकेज का खुलासा किया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।





