अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोर्टल बर्फ से लकदक, भारी बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग पर आवाजाही ठप

#खबर अभी अभी मनाली ब्यूरो*

25 जनवरी 2023

 

भारी बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग पर आवाजाही ठप हो गई है। इस वजह से लाहौल घाटी का मनाली से संपर्क कट गया है। लाहौल-स्पीति की 177 सड़कों पर यातायात बंद हो गया है। रोहतांग, बारालाचा, शिंकुला दर्रा और कुंजम दर्रा में लगातार बर्फबारी हो रही है। इन दर्रों में 30 से 40 सेंमी तक ताजा बर्फबारी हुई है। अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में भी करीब 20 सेंटीमीटर बर्फ पड़ने का अनुमान है।

सोलंगनाला, धुंधी, कोठी और गुलाबा में 16 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। मनाली में भी बर्फ के फाहे गिरे। उपायुक्त लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने अपील की है कि अधिक ऊंचाई वाले इलाकों की ओर जाने से परहेज करें। स्पीति घाटी के ज्यादातर हिस्सों में बर्फबारी हो रही है। लिहाजा स्पीति प्रशासन ने भी यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने के लिए कहा है।

बर्फबारी के बीच सैलानी।

सैलानियों ने बर्फ के बीच खूब अठखेलियां कीं। साथ ही स्कीइंग, स्नो स्कूटर, घुड़सवारी, याक सवारी, स्नो स्कूटर और स्लेजिंग का आनंद उठाया। वहीं पर्यटकों की भारी आवाजाही से मनाली में ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो गई।
मनाली के समीप बर्फबारी।

सोलंगनाला स्की ढलान में स्कीयर्स राज्य स्तरीय की प्रतियोगिता के लिए अभ्यास करने उतर गए हैं। स्की और स्नोबोर्ड की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 26 से 28 जनवरी तक होगी। सोलंगनाला की राष्ट्रीय स्कीइंग ढलान हिमाचल स्की एंड स्नो बोर्ड प्रतियोगिता के लिए तैयार है।  वहीं स्थानीय खिलाड़ी भी अभ्यास करने के लिए ढलान में उतर गए हैं। कड़ाके की ठंड में सुबह से शाम तक खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं।

#खबर अभी अभी मनाली ब्यूरो*

Share the news