अब दुकानों में भी मिलेंगे एचआरटीसी के ग्रीन कार्ड

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

26 अगस्त 2024

Himachal News Now HRTC Green Cards will be available in shops as well

हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराये में रियायत लेने के लिए सवारियां अब किराना की दुकानों से भी 100 रुपये में ग्रीन कार्ड खरीद सकेंगी। पहले ग्रीन कार्ड 50 रुपये में अड्डा कार्यालय में बनाया जाता था। तब उसकी अवधि दो साल थी, लेकिन अब कीमत 100 रुपये कर ग्रीन कार्ड की अवधि एक साल कर दी है। ग्रीन कार्ड को बढ़ावा देने और सरकारी बसों में लोगों को आकर्षित करने की दिशा में सरकार के निर्देशों के बाद इन्हें अब आम दुकानों में बिक्री के लिए उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है।

कोई भी किराना दुकानदार या अधिकृत व्यक्ति एचआरटीसी के एजेंट के रूप में कार्य कर ग्रीन कार्ड बेच सकता है। विक्रेता को प्रति कार्ड पांच रुपये कमीशन निर्धारित की गई है। दुकानदारों के अलावा, बसों में परिचालकों को भी ग्रीन कार्ड बेचने के लिए अधिकृत किया गया है, जिन्हें भी कमीशन मिलेगी। दुकानदारों या व्यक्ति के लिए निगम के कार्यालयों से बिक्री के लिए ग्रीन कार्ड प्राप्त करने की कोई सीमा नहीं है। वे जितने चाहे, उतने ग्रीन कार्ड आगे बिक्री के लिए निगम के कार्यालयों से खरीद सकता है। हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक कार्यालय की ओर से सभी डिपो को इस संबंध में प्रभावी कदम उठाने के लिए कहा गया है।

Share the news