
देश के 15 शहरों पर पाकिस्तान की ओर से हमले की कोशिश के बाद हिमाचल प्रदेश में सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रदेश में सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। विशेषकर प्रदेश के पर्यटन स्थलों, शक्तिपीठों, जल विद्युत परियोजनाओं और सीमावर्ती क्षेत्रों को अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू देर रात तक अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पल-पल की अपडेट लेते रहे। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त कांगड़ा से फोन पर बात की और उन्हें पंजाब से लगते संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पंजाब और जम्मू से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में एहतियातन ब्लैक आउट करने की सूचना भी है। प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज आपात बैठक भी बुलाई है। इसमें मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक समेत सभी उच्च अधिकारियों के साथ सुरक्षा को लेकर उठाए जाने वाले उपायों को लेकर मंथन किया जाएगा।


