
पच्छाद।
बाल विकास परियोजना अधिकारी पच्छाद के अधीन आंगनवाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत नन्हे बच्चों को सर्दियों से बचाने के उद्देश्य से नई सोच समूह, पच्छाद खंड की ओर से 100 ऊनी स्वेटर प्रदान किए गए। स्वेटरों की यह खेप समूह के सदस्यों द्वारा बाल विकास परियोजना अधिकारी दीपक चौहान को सौंपी गई।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए दीपक चौहान ने बताया कि पच्छाद खंड के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों में वर्दी व्यवस्था लागू की गई है। इसी क्रम में पूर्व में भी कार्यालय कर्मियों के सहयोग से 100 स्वेटर क्रय कर बच्चों को वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि नई सोच समूह की कार्यकारिणी सदस्य संजय अत्री, निवासी कथाड, जो पेशे से अध्यापक एवं समूह के समन्वयक भी हैं, ने स्वेच्छा से कार्यालय पहुंचकर नन्हे बच्चों के लिए 100 ऊनी स्वेटर भेंट किए।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सर्दी के मौसम में बच्चों की उपस्थिति बनाए रखना तथा उन्हें वर्दी पहनकर आंगनवाड़ी केंद्रों में आने के लिए प्रेरित करना है। विभाग राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत “पोषण भी, पढ़ाई भी” कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों का खेल-खेल में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित कर रहा है, साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में नामांकन बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दीपक चौहान ने नई सोच समूह के सदस्यों वेद प्रकाश पंवार, जिया लाल शर्मा, निशांत मित्तल एवं योगेश्वर शर्मा का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया और विभागीय सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के सक्षम एवं दानशील नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्रों को स्वेच्छा से गोद लेकर उनकी छोटी-छोटी आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग करें, ताकि ये नन्हे बच्चे किसी अभाव में अपना बचपन न खोएं और एक उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ सकें।





