
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
6 फरवरी 2023
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता केवल झूठे आरोप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि पर चिपकाने का प्रयास करते हैं, लेकिन फेल हो जाते हैं। कांग्रेस केंद्र में भी सिर्फ प्रदेश सरकारों की बात करती है और केंद्रीय मुद्दों पर बात नहीं कर पाती है। कांग्रेस पार्टी ने अपने शासनकाल में केवल जनता को गुमराह करने का कार्य किया था।
वह रविवार को ऊना में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। कहा कि देश में 2024 लोकसभा चुनाव के लिए 400 दिन रह गए हैं। हम एक बार फिर केंद्र में मजबूत सरकार बनाने जा रहे हैं और हिमाचल प्रदेश में सभी चारों सीटों को फिर भाजपा जीतेगी। नौ वर्ष पूर्व जब कांग्रेस की सरकार केंद्र में सत्ता में थी तो 12 प्रतिशत महंगाई दर थी। देश में भ्रष्टाचार का बोलबाला था, लेकिन भाजपा के सत्तासीन होने के बाद तस्वीर बदली है।
अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां पदाधिकारियों के समक्ष रखीं और इन्हें आम जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि देश डिजिटल अर्थव्यवस्था की तरफ बढ़ रहा है। देश में 12 लाख 62 हजार करोड़ की डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड हुई है। आईटी क्षेत्र में भारत ने अमेरिका की सिलिकॉन वैली को भी पीछे छोड़ दिया है। इसका प्रमाण देश में कोविड टीकाकरण प्रमाण पत्र डिजिटल रूप से उपलब्ध है।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





