# आईसीएफआरई की मूल्यांकन टीम ने नौणी का दौरा किया|

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

25 मई 2023

  भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आई॰सी॰एफ॰आर॰ई॰), देहरादून की दो सदस्यीय मूल्यांकन टीम ने डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के वानिकी महाविद्यालय का दौरा किया और स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर महाविद्यालय का मूल्यांकन किया। अर्चना शर्मा, पूर्व आईएफएस aur पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ, एचपी ने गैर-सरकारी सदस्य के रूप में और डॉ राज कुमार वर्मा, वैज्ञानिक-जी, एच॰एफ॰आर॰आई॰ शिमला (आधिकारिक सदस्य) इस टीम का हिस्सा रहे।

अनुसंधान निदेशक डॉ. संजीव चौहान व डीन कॉलेज ऑफ फॉरेस्ट्री डॉ. चमन लाल ठाकुर ने टीम का स्वागत किया। डॉ. ठाकुर ने महाविद्यालय के शिक्षण, अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों के संबंध में विगत पांच वर्षों (2018-2022) का महाविद्यालय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कॉलेज की सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों के अलावा बजट की स्थिति, छात्र-शिक्षक अनुपात, प्रयोगशालाओं और क्षेत्र की गतिविधियों और बुनियादी ढांचे के विकास पर प्रस्तुति दी।

टीम को एम॰एस॰सी॰ विस्तार शिक्षा और वन संसाधन प्रबंधन जैसे नए डिग्री कार्यक्रमों के बारे में भी अवगत करवाया गया जो इस शैक्षणिक सत्र से कॉलेज द्वारा शुरू किए जाएंगे। टीम ने कॉलेज के सभी सात विभागों की प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और अनुसंधान क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया और कॉलेज द्वारा बनाए गए बुनियादी ढांचे की उपलब्धता और शैक्षणिक मानकों पर अपनी संतुष्टि दिखाई। आईडीपी के तहत विकसित पूर्व छात्र केंद्र और लैड्ग्वेज लैब की भी टीम द्वारा सराहना की गई। मूल्यांकन टीम ने विभिन्न मुद्दों पर फीडबैक के लिए छात्रों और फैकल्टी से भी बातचीत की, जिसमें लगभग 150 छात्र और 50 फैकल्टी मौजूद थे। इस अवसर पर डॉ. मनीष शर्मा, डीन कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर और डॉ. वाई आर शुक्ला, लाइब्रेरियन भी उपस्थित थे।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news