# आउटसोर्स कर्मचारियों ने मांगी स्थाई नीति |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

21 मई 2023

आउटसोर्स कर्मचारी महासंघ की बैठक रविवार को ऐतिहासिक चौगान में संघ के प्रधान ललित शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कर्मचारी महासंघ जिला चंबा ने कोविड-19 के तहत नियुक्त कर्मचारियों को सेवा विस्तार देने के लिए सरकार का आभार प्रकट किया। इसके अतिरिक्त प्रधान ललित शर्मा ने मांग करते हुए कहा कि जो कर्मचारी आउटसोर्स के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें उनके पदों से न हटाया जाए।

प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग और जल शक्ति विभाग से अनेकों कर्मचारियों को उनके पदों से हटाया गया है, जो सही नहीं है। जब तक सरकार के द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए स्थाई नीति नहीं बनाई जाती है, तब तक किसी भी कर्मचारियों को उनकी सेवा से न हटाया जाए। इस दौरान कोविड-19 के तहत नियुक्त कर्मचारियों के वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग भी उठाई गई।

ललित ने कहा कि प्रदेश आउटसोर्स कर्मचारी महासंघ को कांग्रेस सरकार पर पूरा भरोसा है कि जिस तरह उन्होंने पुरानी पेंशन को बहाल कर प्रदेश के कर्मचारियों को तोहफा दिया है, उसी तरह प्रदेश के आउटसोर्स कर्मचारियों का भविष्य भी सुरक्षित किया जाएगा। इस मौके पर महासंघ के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news