#आज मतदान केंद्रों पर सुरक्षा संभालेंगे पुलिस के तीन हजार जवान*

मंडी में चुनावों पर लगी डयूटी पुलिस कर्मचारियों की जानकारी देती एसपी शालिनी अग्निहोत्री     संवाद

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

10 नवंबर 2022

मंडी। 12 नवंबर को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न करवाने और ईवीएम को सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के लिए जिला भर में तीन हजार से अधिक पुलिस जवान तैनात रहेंगे। हिमाचल पुलिस और गृह रक्षा विभाग के अलावा उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के गृह रक्षकों से भी सेवाएं ली जाएंगी।

वीरवार दस नवंबर को पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के लिए जवान तैनात हो जाएंगे। प्रत्येक बूथ पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस और होमगार्ड के जवान व्यवस्था में होंगे। बुधवार को पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने यह जानकारी पत्रकार वार्ता में दी। बता दें कि 12 नवंबर को सुबह 8 बजे से 5 बजे तक मतदान होगा।

60 जगहों पर रहेगी पुलिस की नाकाबंदी
सुरक्षा के लिहाज से जिलेभर में करीब 60 स्थानों पर नाकाबंदी रहेगी। मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें इन स्थानों पर तैनात रहेंगी, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की स्थिति से निपटा जा सके। अवैध शराब, नकदी को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
अब तक पुलिस की कार्रवाई
आचार संहिता की अवहेलना के अब तक पुलिस विभाग ने 64 मामले पकड़े गए हैं। इनमें 14,000 लीटर अवैध शराब, एनडीपीएस के 22 मामले, करीब 14 किलो ग्राम चरस और आधा किलोग्राम हेरोइन पकड़ी गई है। मंडी में ही नाके के दौरान एक किलो सोना, दो स्थानों पर नकदी जिसमें करीब चार लाख रुपये पकड़े गए हैं।

आज शाम 5:00 बजे बंद होंगे शराब के ठेके
वीरवार शाम पांच बजे शराब के ठेके बंद हो जाएंगे। शराब की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। अवहेलना करने वालों के खिलाफ धारा 144 के तहत कार्रवाई की जाएगी। 12 नवंबर को शाम पांच बजे शराब के ठेके खुलेंगे। एसपी ने कहा कि चुनावों के 72 घंटों से पूर्व सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को सचेत रहने की जरूरत रहेगी। जिला भर के पोलिंग बूथों के लिए उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से ही आवश्यक दिशा निर्देश रहेंगे।
संवेदनशील बूथों की होगी वीडियोग्राफी
एसपी ने जनता से अपील की है कि चुनाव या प्रत्याशी से संबंधित किसी तरह की शिकायत होने पर संबंधित उपमंडल अधिकारी और चुनाव अधिकारी से शिकयात करें। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा। चुनाव को लेकर किसी भी तरह की परेशानी या शिकायत होने पर संबंधित पोलिंग स्टेशन या जिला प्रशासन से भी शिकायत करें। मंडी, जोगिंद्रनगर और सुंदरनगर बल्ह के करीब 55 संवेदनशील बूथों पर वीडियोग्राफी होगी।
परेशानी आने पर फोरलेन होगा बंद
जिला में यातायात व्यवस्था को लेकर कोई विशेष प्लान तैयार नहीं किया है। फोरलेन पर चले रहे कार्य को भी नियंत्रित रखा जाएगा। यदि चुनाव के दौरान फोरलेन से किसी तरह की परेशानी आती है तो उसे बंद भी करवाया जा सकता है।

 

Share the news