
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
2 मई 2023
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के न्यू भवन में इसी सप्ताह ओपीडी सेवाएं शुरू हो सकती हैं। लोक निर्माण विभाग के इलेक्टि्रसिटी विंग ने भवन की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी है। सोमवार को विभाग की ओर से इस बारे में अस्पताल प्रबंधन को जानकारी दी गई।
विद्युत विंग के अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन पहले की तरह भवन में ओपीडी सेवाएं शुरू कर सकता है। सोमवार को इलेक्टि्रसिटी विंग की ओर से मिली जानकारी के बाद आईजीएमसी प्रबंधन ने शाम के वक्त बैठक बुलाई थी। इसमें ओपीडी ब्लॉक शुरू करने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शिमला के कैफेटेरिया में गैस सिलिंडर के फटने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। पैनल बंद पड़े थे। चंडीगढ़ की जिस फर्म ने काम किया था उसे मौके पर बुलाकर इसकी मरम्मत करवाई गई। दो दिन की लगातार मेहनत के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी है। अब आईजीएमसी प्रबंधन ने फैसला लेना है कि इसे कब शुरू किया जाए। आग की घटना के बाद आईजीएमसी के पुराने भवन में ओपीडी चल रही है। लेकिन स्थिति यह है कि कुछ ओपीडी में अब वार्ड बन गए हैं। इस वजह से तंग जगहों पर ओपीडी चलाना पड़ रही है। यूरोलॉजी और सर्जरी के मरीजों को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं।
शिमला आईजीएमसी में सोमवार को पुराने भवन में उपचार करवाने आए मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान कम बेंच होने के कारण अधिकांश मरीजों को ओपीडी के फर्श पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। इनमें युवा और बुजुर्ग मरीज भी शामिल रहे। अस्पताल में शाम तक सभी ओपीडी में कुल 2,666 मरीजों ने उपचार करवाया। इनमें जनरल ओपीडी में 2594 और 72 मरीजों ने आपात स्थिति में उपचार के लिए आए थे।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





