
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
23 जनवरी 2023
ऊना बस अड्डे पर दुकानों के बाहर चलने वाले रास्ते पर हो रहे अतिक्रमण के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले पर अड्डा प्रबंधन की अपील का भी दुकानदारों पर कोई असर नहीं हो रहा है। दुकानों के बाहर अतिक्रमण के चलते यात्री परेशान हैं।
आलम यह है कि दुकानदार सुबह से लेकर शाम तक दुकानों के बाहर सामान को बेचने के लिए सजा रहे हैं। बस स्टैंड में सुबह व शाम के समय भीड़ ज्यादा होती है, उस समय लोगों को एक काउंटर से दूसरे काउंटर तक जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस के बारे में पूछताछ करने के लिए लोगों को कार्यालय में पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। अतिक्रमण को जनहित में हटाया जाना चाहिए।
अतिक्रमण एचआरटीसी प्रंबधन के लिए भी आफत बना हुआ है। बस स्टैंड का प्रबंधन एमआरसी कंपनी के पास है। ऐसे में अतिक्रमण पर कार्रवाई के लिए एचआरटीसी के भी हाथ खड़े हैं। अतिक्रमण को लेकर कौन कब तक कार्रवाई करेगा इस बात को लेकर भी असमंजस बना हुआ है।
मामला उनके ध्यान में है, लेकिन बस अड्डे का प्रबंधन निजी कंपनी के हाथ में है। इस संबंध में निजी कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





