‘एक किलो जलेबी लाओ तभी दर्ज करूंगा शिकायत’, थाने पहुंचे युवक से मुंशी ने रखी गजब डिमांड

#खबर अभी अभी उत्तर प्रदेश ब्यूरो*

27 अगस्त 2024

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए हापुड के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कनौर निवासी चंचल कुमार ने बताया कि वह बीती शाम को दवाई लेने के लिए डेहरा कुटी गया था। इसी दौरान रास्ते में कहीं उसका मोबाइल गुम हो गया। काफी ढूंढ़ने के बाद भी जब मोबाइल नहीं मिला, तो युवक शिकायत करने के लिए बहादुरगढ़ थाने में पहुंच गया।यहां उसने मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराने के लिए जब एप्लिकेशन थाने में बैठे मुंशी को दिया, तो मुंशी ने पहले पूरे मामले को समझा और फिर एप्लिकेशन पर मुहर लगाने की एवज में थाने के पुलिसकर्मियों को जलेबी खिलाने की डिमांड कर दी।
इतना ही नहीं मुंशी ने युवक से यह भी फरमाइश रखी कि वह गर्मा गर्म जलेबी या बालूशाही ही लेकर आए। थाने के मुंशी की इस डिमांड को सुनकर युवक चंचल भी दंग रह गया युवक को जब लगा कि पुलिसकर्मियों को बिना मिठाई खिलाए, उसके एप्लिकेशन पर मुहर नहीं लगेगी, तो उसने भी तत्काल मिठाई की दुकान से एक किलो गर्मागर्म जलेबी लेकर आया।
इसके बाद थाने में मिठाई खाने के बाद पुलिस ने युवक के एप्लिकेशन पर मुहर लगा दी और उसे घर भेज दिया। थाने में मुंशी द्वारा पीड़ित युवक से मुहर लगाने की एवज में मिठाई मंगाने की खबर जैसे ही मीडिया में पहुंची, तो पूरे जिले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।  मामले में जानकारी देते हुए डीएसपी गढ़मुक्तेश्वर आशुतोष शिवम ने हापुड पुलिस के मीडिया सेल के माध्यम से बात की। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के बाद होमगार्ड को थाने से हटाकर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
Share the news