एचआरटीसी का केलांग डिपो आठ जून से देश के सबसे लंबे और ऊंचाई वाले लेह-दिल्ली रूट पर बस कर रहा शुरू

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

6 जून 2023

पहाड़ी रास्तों और बर्फ की दीवारों के बीच लेह तक सफर के शौकीन सैलानियों और आम लोगों के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) का केलांग डिपो आठ जून से देश के सबसे लंबे और ऊंचाई वाले लेह-दिल्ली रूट पर बस शुरू कर रहा है। लेह से दिल्ली तक करीब 1026 किलोमीटर लंबे सफर का 1740 रुपये किराया होगा। निगम की मानें तो पिछले साल 15 जून को दिल्ली-मनाली-सरचू-लेह के लिए बस शुरू हुई थी। इस बार एक हफ्ता पहले बस सेवा शुरू होगी।

इस रूट पर करीब 30 घंटे का सफर है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल समेत लेह-लद्दाख़ घूमने का अवसर मिलता है। खास बात यह है कि यात्री-सैलानी 16,500 फीट ऊंचे बारालाचा, 15,547 फीट नकिल्ला, 17,480 फीट तंगलांगला और 16,616 फीट ऊंचे लाचुंग दर्रे के खूबसूरत नजारों से रूबरू होंगे। सितंबर 2022 में बस बंद हो गई थी। लेह के लिए 2022 से पूर्व जुलाई में बस सेवा शुरू होती थी। केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने बताया कि निगम ने दिल्ली-लेह छोड़ सभी लंबी रूटों पर बस सेवा शुरू कर दी है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

 

Share the news