
हिमाचल : नवोदय विद्यालय समिति के गैर-शिक्षण पदों के लिए देशभर में आयोजित भर्ती परीक्षा में बड़े नकल गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। शिमला के कई परीक्षा केंद्रों में पुलिस ने करीब 40 अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में इलेक्टि्रॉनिक्स डिवाइस के साथ पकड़ा है। अधिकतर अभ्यर्थी हरियाणा के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में पांच अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी शिमला की अगुवाई में विशेष जांच दल का गठन किया है। परीक्षा में अभ्यर्थियों को माइक्रो चिप और ब्लू टुथ के जरिये नकल करवाई जा रही थी।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह ने नकल के लिए अभ्यर्थियों के साथ लाखों रुपये का सौदा किया था। पता चला है कि नकल गिरोह ने एक ही परीक्षा में करोड़ों रुपये की डील की है। यह परीक्षा देशभर के नवोदय विद्यालयों में स्टेनोग्राफर, मेस हेल्पर, जेएसए, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और अन्य विभिन्न नॉन टीचिंग पदों की भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है। इसके तहत 1,377 पद भरे जाने हैं। जिस तरह से नकल गिरोह अभ्यर्थियों को नकल करवा रहा था, उससे पेपर लीक होने की आशंका भी जताई जा रही है।





