
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
22 मई 2023
कंडाघाट के शुंगल गांव के लोगों को पिछले चार दिनों से उठाऊ पेयजल योजना से पेयजल की आपूर्ति नहीं मिल रही है। जिससे ग्रामीणों में जलशक्ति विभाग के प्रति रोष है। जलशक्ति विभाग से टैंकर की मांग करने पर भी कोई उचित कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है। ऐसे में ग्रामीणों को गांव से एक किलोमीटर का सफर कर खड्ड में प्राकृतिक जल स्रोत से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। हालांकि यहां पर भी पानी न के बराबर ही आ रहा। महिलाएं घर का काम काज छोड़कर अपने और मवेशियों के लिए पानी ढोने में लगी है। जिससे ग्रामीणों को मानसिक परेशानी भी उठानी पड़ रही है। लेकिन बार-बार पेयजल की समस्या से छुटकारा नहीं मिल रहा है।
ग्रामीण रामेश्वर शर्मा, मोहित, मोहन दत्त, विनोद, नरेंद्र, मीरा, शकुंतला कमला, दर्शना, अनीता ने बताया कि ऐसा कोई पहली बार नहीं हुआ है, इससे पूर्व भी कई बार ग्रामीण कई दिनों तक बिना पेयजल के कठिनाइयों का सामना करते रहे हैं। लोगों ने बताया कि समस्या का सबसे बड़ा कारण यह है की जल शक्ति विभाग के पंप हाउस से बिजली बोर्ड ने फोरलेन कंपनी को बिजली का कनेक्शन दिया हुआ है, जबकि उनका अलग से ट्रांसफार्मर भी लगा हुआ है। आलम यह है की जल शक्ति विभाग के कर्मचारी को अवगत भी करवाया गया था, और पानी के टैंकर की मांग भी की गई थी। वहीं पानी की समस्या के बारे में कर्मचारी को बोला गया तो लेबर के बाहर होने का हवाला दिया गया। ग्रामीणों ने उक्त गांव में टैंकर से पानी की आपूर्ति करने की मांग उठाई है।
जलशक्ति विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार शुंगल में पानी को बोरवेल से कनेक्ट किया गया है। लेकिन लो वोल्टेज के चलते पानी नहीं लिफ्ट नहीं हो पा रहा है। वहीं एसडीओ बिजली बोर्ड चंद्र शर्मा ने बताया की ट्रांसफार्मर बिजली बोर्ड का है। बताया कि कानूनी तौर पर फोरलेन कंपनी को वैकल्पिक तौर पर कनेक्शन दिया गया है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





