कन्या स्कूल रामपुर में जमा दो के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर छात्राओं को किया गया सम्मानित

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

28 मई 2023

कन्या स्कूल रामपुर में जमा दो के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर छात्राओं को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की छात्रा कशिश नेगी ने शिक्षा बोर्ड की मेरिट सूची में तृतीय स्थान हासिल कर स्कूल और शिक्षकों का सम्मान बढ़ाया है।

Meritorious girl students of Girls School Rampur honored

स्कूल के मेधावियों को सम्मानित करने के लिए शनिवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूल प्रशासन और स्कूल प्रबंधन समिति की कार्यकारिणी के सदस्यों ने कशिश नेगी का स्कूल में हार्दिक अभिनंदन किया। प्रधानाचार्य जयंती धीमान ने कशिश नेगी को स्मृतिचिह्न और माला पहनाकर उसे विद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कशिश नेगी के पिता मोहनलाल नेगी और माता रेवती देवी को भी सम्मानित किया।

प्रधानाचार्य जयंती धीमान ने स्कूल की मेधावी छात्राओं को बधाई दी। छात्राओं से आह्वान किया कि वे सभी इन छात्राओं का अनुसरण करें और खूब मेहनत कर अपने विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी जीवन में तय किए गए लक्ष्य तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत करे तो उसे हासिल करना मुश्किल नहीं है।
वरिष्ठ प्राध्यापक पीपी दुल्टा ने कशिश नेगी के जोश और जज्बे को सलाम कर मनोबल बढ़ाया। बारहवीं की परीक्षा में उम्दा प्रदर्शन करने पर आराधना चौहान, अंशिका, गुंजन कॉल, बबीता ठाकुर, दीपिका ठाकुर, नेहा, निकिता, गीतांजलि, योगिता कपाटिया, टीना, अभिलाषा, छवि शर्मा और कोमल को सम्मानित किया गया। स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष मीना नेगी और समस्त कार्यकारिणी ने मेधावी छात्राओं को आशीर्वाद दिया।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news