करसोग में बारिश-बर्फबारी के बाद सड़क बहाली युद्ध स्तर पर, प्रशासन जुटा

करसोग क्षेत्र में हालिया बारिश और बर्फबारी के चलते बंद हुई सड़कों को बहाल करने का कार्य लगातार जारी है। प्रशासन द्वारा सड़क बहाली का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है, ताकि लोगों को जल्द से जल्द आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।

इस बारे में जानकारी देते हुए एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की मशीनरी निरंतर फील्ड में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि करसोग को जिला मुख्यालय मंडी एवं शिमला से जोड़ने वाले मुख्य सड़क मार्ग शिमला–मंडी को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जा रहा है।

एसडीएम ने बताया कि इसके अतिरिक्त बर्फबारी के कारण बंद हुई अन्य संपर्क सड़कों को खोलने का कार्य भी तेजी से चल रहा है। प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आमजन को जल्द राहत देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़कें पूरी तरह बहाल होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन का सहयोग करें।

Share the news