
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
4 मार्च 2023
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग की ओर से पोस्ट कोड 980 कला अध्यापक के पेपर लीक मामले में शुक्रवार को विजिलेंस थाना हमीरपुर में एफआईआर दर्ज हो गई है। यह एफआईआर आयोग की पूर्व वरिष्ठ सहायक उमा आजाद, बेटे निखिल आजाद और प्राध्यापक की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली सुनीता देवी के खिलाफ हुई। सुनीता देवी उमा आजाद की पड़ोसी है। उमा आजाद और निखिल आजाद ने सुनीता को परीक्षा से पूर्व प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाया था।एसआईटी की जांच में कला अध्यापक भर्ती में भी गड़बड़ी की पुष्टि हुई थी। इस संदर्भ में मामला दर्ज करने से पहले विजिलेंस ने अपने स्तर पर बारीकी से मामले की जांच की है। अब जल्द इस मामले में भी हमीरपुर न्यायालय में चालान पेश होगा। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो शिमला के पुलिस अधीक्षक ओमापति जंवाल ने भी शुक्रवार को हमीरपुर विजिलेंस कार्यालय पहुंच कर चयन आयोग के मामलों समेत विभाग के अन्य मामलों की फीडबैक ली।
आयोग ने पोस्ट कोड 980 के तहत ड्राइंग शिक्षकों के 314 पदों को भरने 24 मई 2022 को अधिसूचना जारी की थी। छंटनी परीक्षा के बाद 971 अभ्यर्थियों का 16 से 22 दिसंबर 2022 तक आयोजित दस्तावेजों के सत्यापन के लिए चयन किया गया था, लेकिन अभी अंतिम परिणाम घोषित नहीं हुआ। इससे पहले कि भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित होता, विजिलेंस ने भर्ती में गड़बड़ी का खुलासा कर दिया। इससे कला अध्यापक भर्ती परीक्षा का परिणाम भी लटक गया।
कर्मचारी चयन आयोग के मामले में विजिलेंस ने शुक्रवार को तीसरी एफआईआर दर्ज की है। अभी तक विजिलेंस थाना हमीरपुर में जेओए आईटी मामले में पहली और कंप्यूटर टीचर और जूनियर ऑडिटर भर्ती पेपर लीक मामले में दूसरी एफआईआर दर्ज है। मामले में आयोग की गोपनीय शाखा की पूर्व वरिष्ठ सहायक उमा आजाद समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज है। इनमें चार को बीते माह हमीरपुर न्यायालय से जमानत मिल चुकी है, जबकि उमा आजाद, नितिन आजाद, निखिल आजाद और संजीव कुमार 14 मार्च तक न्यायिक हिरासत में हैं।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





