
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
29 जून 2023
कांगड़ा के 15 स्वास्थ्य संस्थानों में अब नशा मुक्ति क्लीनिक की सेवाएं शुरू की जाएंगी। यह जानकारी उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने राष्ट्रीय नार्काे समन्वय पोर्टल (एनकॉर्ड) के तहत बनी जिलास्तरीय समन्वय समिति की बैठक के उपरांत दी।
उपायुक्त कार्यालय में बुधवार को आयाेजित बैठक में उपायुक्त ने बताया कि पहले चरण में जिले कांगड़ा में 15 जून से आठ स्वास्थ्य संस्थानों में नशा मुक्ति क्लीनिक सेवाएं शुरू की गई थीं। इनमें जोनल अस्पताल धर्मशाला के साथ सिविल अस्पताल ज्वालामुखी, कांगड़ा, शाहपुर, नूरपुर, इंदौरा फतेहपुर और पालमपुर में यह सेवाएं दी जा रही हैं। डीसी ने बताया कि जिले में अब सात अन्य अस्पतालों में भी नशा मुक्ति क्लीनिक सेवाएं शुरू की जाएंगी। इनमें देहरा, बैजनाथ, थुरल, फतेहपुर, जवाली, डाडासीबा और जयसिंहपुर के सिविल अस्पताल शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के इन सभी 15 अस्पतालों में ये सेवाएं हर हफ्ते दो दिन शुक्रवार और शनिवार को दोपहर बाद दो से चार बजे तक मिलेंगी। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल, डॉ. विक्रम कटोच, जिला कल्याण अधिकारी नरेंद्र जरियाल, डीएफओ देहरा सन्नी वर्मा, उपनिदेशक कृषि डॉ. राहुल कटोच, विभिन्न विभागों के अधिकारी, गुंजन ऑर्गेनाइजेशन के निदेशक संदीप परमार और अन्य शामिल हुए।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





