
#कांग्रेस का चार सीटों पर टिकट फाइनल, पांवटा साहिब सीट पर फंसा पेंच |*

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
19 अक्टूबर 2022
अभी कांग्रेस ने पांवटा साहिब सीट से कोई प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में नहीं उतारा है। इस सीट पर पूर्व विधायक किरनेश जंग का नाम सबसे आगे चल रहा है लेकिन उनके साथ अवनीत सिंह लंबा और हरप्रीत सिंह रतन भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं। फिलहाल, पहली सूची में पांवटा साहिब सीट पर पेंच फंस गया है।
बता दें कि नाहन सीट पर भी कांग्रेस के टिकट पर दावेदारों की संख्या आधा दर्जन के करीब थी। इस बार भी कांग्रेस हाईकमान ने अजय सोलंकी पर दांव खेला है। अजय सोलंकी ने 2017 के चुनाव में 27,573 वोट हासिल किए थे। वह अपने प्रतिद्वंद्वी राजीव बिंदल से महज 3,990 वोट से हारे थे।
रेणुकाजी सीट से विनय कुमार 5,160, शिलाई सीट से हर्षवर्धन चौहान 3,125 मतों से विजयी घोषित हुए थे। उधर, पांवटा साहिब की बात की जाए तो इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी किरनेश जंग भाजपा उम्मीदवार सुखराम चौधरी से 12,619 मतों से हारे थे, जो मौजूदा समय में सरकार में ऊर्जा मंत्री है।
वहीं पच्छाद में पिछले विधानसभा चुनाव में मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप ने अपने प्रतिद्वंद्वी गंगूराम मुसाफिर को 6,427 मतों से पराजित किया था। इस बार कांग्रेस हाईकमान ने इस सीट पर मुसाफिर को टिकट न देकर भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुईं दयाल प्यारी को टिकट देकर चुनावी अखाड़े में उतारा है।
बता दें कि सुरेश कश्यप 2019 में लोकसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद पच्छाद में हुए उपचुनाव में दयाल प्यारी, रीना कश्यप और मुसाफिर मैदान में थे, जिनमें भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप ने 22,167 मत हासिल कर जीत दर्ज की थी। जबकि, मुसाफिर को 19359 मत लेकर दूसरे और निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरीं दयाल प्यारी 11,698 मत लेकर तीसरे नंबर पर रही थी।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





