#कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बीच नया संकट! अजय माकन ने की राजस्थान प्रभारी पद छोड़ने की पेशकश*

ajay maken offered to leave the post of rajasthan in charge

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

 16 नवंबर 2022

कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर राजस्थान प्रभारी की जिम्मेदारी छोड़ने की इच्छा जताई है। सूत्रों का कहना है कि माकन ने जयपुर में 25 सितंबर के राजनीतिक घटनाक्रम का हवाला देते हुए खड़गे से आग्रह किया है कि अब उन्हें इस जिम्मेदारी से मुक्त किया जाए। सूत्रों के मुताबिक, माकन ने गत 8 नवंबर को खड़गे को पत्र लिखा था।

बता दें कि 25 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास पर कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक बुलाई गई थी। इसे कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव से पहले मुख्यमंत्री को बदलने की कवायद के रूप में देखा गया, क्योंकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा था। हालांकि, सीएलपी की बैठक नहीं हो सकी, क्योंकि गहलोत के वफादार विधायकों ने संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल के आवास पर समानांतर बैठक की और सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने के किसी भी संभावित कदम के खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

इन विधायकों का कहना था कि अगर विधायक दल का नया नेता चुनना है तो वह उन 102 विधायकों में से हो, जिन्होंने जुलाई 2020 में राजनीतिक संकट के दौरान अशोक गहलोत नीत सरकार का समर्थन किया था। तब पायलट और 18 अन्य विधायकों ने गहलोत के खिलाफ बगावत की थी। इसके बाद कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति ने मंत्री शांति धारीवाल और महेश जोशी तथा पार्टी के नेता धर्मेंद्र राठौड़ को उनकी इस ‘घोर अनुशासनहीनता’ के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया और उनसे 10 दिन के भीतर यह बताने के लिए कहा कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए।

Share the news