कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने घर बुलाए एसडीएम, डीएसपी, बीडीओ, एक्सईएन समेत 20 अधिकारी, भाजपा ने उठाए सवाल

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

16 फरवरी 2023

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी और पार्टी के प्रदेश महासचिव रजनीश किमटा ने अपने घर में एसडीएम, डीएसपी, बीडीओ, एक्सईएन समेत 20 अधिकारी बुला लिए। इसका चौपाल के भाजपा विधायक बलवीर सिंह वर्मा और पार्टी के मंडल अध्यक्ष मंगत राम शर्मा ने विरोध किया है। उन्होंने अधिकारियों पर प्रोटोकॉल तोड़ने का आरोप लगाया है। इस मामले को सीएम और नेता प्रतिपक्ष के ध्यान में लाने की भी बात की है। भाजपा के विधायक बलवीर सिंह वर्मा ने कहा कि किमटा न तो चुने हुए प्रतिनिधि हैं और न ही मनोनीत हैं। उन्हें अधिकारियों ने सरकार के कामकाज की सारी जानकारी दे डाली। सरकारें आती हैं और जाती हैं, मगर अधिकारियों को प्रोटोकॉल के तहत ही काम करने चाहिए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के ध्यान में भी मामला लाया गया है।

उन्होंने इसका कड़ा संज्ञान लिया है। भाजपा चौपाल मंडल के अध्यक्ष मंगत राम शर्मा ने कहा कि 13 फरवरी 2023 को चौपाल चुनाव क्षेत्र के सभी आला अधिकारी कलूण में रजनीश किमटा ने बुलाए। चौपाल, कुपवी, ठियोग के एसडीएम, बीडीओ चौपाल, ठियोग में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन, चौपाल व ठियोग के डीएसपी, डीएफओ, चौपाल, कुपवी, ठियोग के एसएचओ, जलशक्ति विभाग नेरवा, ठियोग क्षेत्र के एक्सईएन आदि को बुलाया गया। बागवानी और कृषि विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया। उन्हें बताया गया कि सारे काम उनके कहने पर ही होंगे। चौपाल भाजपा ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि हारे हुए प्रत्याशी के कहने से आज तक के इतिहास में कोई भी उनके घर नहीं गया। सीएम, नेता प्रतिपक्ष दोनों से ही यह मामला उठाया जाएगा। इस मामले को हाईकोर्ट में भी ले जा रहे हैं।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news