कांग्रेस सरकार पर गुंडाराज का आरोप, शैलेंद्र गुप्‍ता ने कहा- लोकतंत्र का हनन

सोलन: सोलन भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के माजरा गांव में एक युवती के अपहरण के विरोध में शांतिपूर्ण धरना दे रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, विधायक सुखराम चौधरी और 50 अन्य कार्यकर्ताओं पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 के तहत मामला दर्ज करना एक दमनकारी और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई है। उन्होंने इसे कांग्रेस सरकार के इशारे पर उठाया गया प्रशासनिक दमन का सीधा उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि यह घटना राज्य में कांग्रेस शासन के दौरान बढ़ते गुंडाराज और बदहाल कानून-व्यवस्था की पोल खोलती है। भाजपा नेता ने कहा कि 4 जून को माजरा गांव में 19 वर्षीय मोहसिन द्वारा एक युवती को भगाने की घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। सामाजिक टकराव में हुए पथराव में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे भाजपा और हिंदू संगठनों के लोगों पर ही मुकदमे दर्ज कर दिए गए, जो न केवल लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है, बल्कि अपराधियों को संरक्षण देने का प्रयास भी है।

शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तानाशाही रवैये के चलते राज्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को दबाया जा रहा है, जबकि अपराधियों को खुली छूट दी जा रही है। उन्होंने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए मांग की कि भाजपा नेताओं और अन्य प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी झूठे मामले तुरंत वापस लिए जाएं, और अपहृत युवती के मामले में मुख्य दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार के दमन, पक्षपात और तुष्टिकरण की नीति को और सहन नहीं करेगी। उन्होंने कांग्रेस सरकार को जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून के शासन को बहाल करने की सख्त चेतावनी दी है।

Share the news