
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
20 सितंबर 2024
हिमाचल में मस्जिद में अवैध निर्माण से शुरू हुआ विवाद कांग्रेस मुख्यालय दिल्ली पहुंच गया है। मुस्लिम समुदाय का एक वर्ग इस मुद्दे पर कांग्रेस हाइकमान की शरण में चला गया है। इतना ही नहीं, दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह से इस पूरे प्रकरण पर वार्तालाप भी की गई है। मुस्लिम समुदाय के इस प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है। इससे पहले हिमाचल से गए पदाधिकारियों ने कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद इमरान प्रताप गढ़ी से भी मुलाकात की है।
प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष इकबाल मुहम्मद की अगवाई में यह प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचा। इसमें हिमाचल में चल रही मस्जिदों के इमाम भी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद इमरान प्रतापगढ़ी से मुलाकात की और उन्हें प्रदेश की स्थिति से अवगत करवाया। इस दौरान उन्होंने मस्जिद के बाहर हो रहे प्रदर्शन के बारे में भी उन्हें जानकारी दी। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी के नेतृत्व में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हिमाचल में हो रही घटनाओं के बारे में उन्हें जानकारी दी। उन्होंने कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से इस सिलसिले में हस्तक्षेप करने का भी आह्वान किया।





