
रिकांगपिओ। किन्नौर की पंचायत तरांडा के थाच नाले में शुक्रवार बादल फटने से आई बाढ़ ने जमकर तबाही मचाई। पानी का बहाव तेज होने से सेब के पेड़, जमीन सहित सडक़ किनारे खड़ी दो गाडिय़ां बह गई। बाढ़ से एनएच को भी काफी नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए राजस्व विभाग, जल शक्ति विभाग, बागबानी विभाग एवं लोक निर्माण विभाग को तत्काल मौके पर पहुंचकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने डीसी किन्नौर को सौंपी रिपोर्ट में बताया गया है कि इस घटना में सरकारी व गैरसरकारी संपत्ति को करीब नौ करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है, जिसमें 1100 सेब के पेड़ बहे हैं।
इसी प्रकार निजी संपत्ति को करीब दो करोड़ का रुपए का नुकसान बताया गया है। इस दौरान लोक निर्माण विभाग की 20 मीटर सडक़ पूर्ण नष्ट हो चुकी है, जिससे एक करोड़ का नुकसान हुआ है। वहीं, जलशक्ति विभाग को 25 लाख की चपत लगी है। बाढ़ में एक जीप सहित वाहन भी पूर्ण नष्ट हो गया है। इसी प्रकार निगुलसरी पुराना स्लाइडिंग प्वाइंट के पास भी बंद हुए एनएच को शुक्रवार दोपहर बाद बहाल किया गया। इस स्थान पर एनएच को भी अनुमानित तीन करोड़ का नुकसान हुआ है। इसी बाढ़ से करीब अढ़ाई करोड़ की लागत के वन संपदा को भी नुकसान होने का अनुमान है। राजस्व विभाग द्वारा डीसी किन्नौर को सौंपे रिपोर्ट में आठ करोड़ 75 लाख रुपए का नुकसान बताया गया है।





