
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरोे*
22 मई 2023
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ लंबे समय तक काम कर चुके किशनचंद त्यागी को जनता दल यूनाईटेड (JDU) में एक बार फिर इज्जत के साथ पद पर वापसी हुई है। इस बार उन्हें विशेष सलाहकार बनाया गया है, लेकिन मुख्य धारा में रखने के लिए मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी दी गई है। राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता के पद से उन्हें मार्च महीने में हटाया गया था, तब उन्होंने कहा था कि वह पार्टी के किसी जिम्मेदारी वाले पद पर खुद काम नहीं करना चाहते हैं। तभी माना जा रहा था कि यह प्रतिक्रिया उन्होंने पद छीने जाने के कारण दी है, लेकिन तब जदयू की ओर से इसपर बयान नहीं दिया गया। अब जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की ओर से ही विशेष चिट्ठी जारी कर केसी त्यागी को पुन: पार्टी में इज्जत के साथ पद दिया गया है।
केसी त्यागी पिछले करीब दो दशकों से जदयू का राष्ट्रीय चेहरा थे। दिल्ली में किसी भी बात पर किसी तरह की चर्चा के लिए वह उपलब्ध रहते थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए एक तरह से दिल्ली का सारा सिस्टम उनके आसपास ही रहता था। लेकिन, मार्च में जब राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची जारी की तो त्यागी का नाम ही गायब था। सूची पर सवाल उठे तो त्यागी ने खुद कहा कि उन्हें अब सक्रिय रूप से पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं चाहिए और इसपर उन्होंने खुद ही अपील की थी। लेकिन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राष्ट्रीय राजनीति में सक्रियता को देखते हुए त्यागी को वापस लाना पार्टी के लिए एक तरह से जरूरी हो गया था। जितने चुपचाप तरीके से उन्हें पार्टी ने मुख्य धारा से हटाया था, उसके उलट उतना ही प्रचारित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने उन्हें वापस कुर्सी दी। न केवल दी, बल्कि बढ़ाकर दी।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरोे*





