
ख़बर अभी अभी कुनिहार ब्यूरो
24 जून 2024
आज दोपहर कुनिहार नालागढ़ मार्ग गंबर पुल के पास बादल फटने से भारी तबाही हो गई। प्राप्त जानकारी अनुसार गंबरपुल के ठीक ऊपर ज्यावला गांव में आज सोमवार दोपहर लगभग ढाई बजे बादल फटा जिससे गांव के नीचे गंबरपुल पर एक ढाबा बिल्कुल तबाह हो गया व दुकानों व लोगो के घरों के अंदर पानी व मलवा घुसने से भारी नुकसान हो गया। गनीमत यह रही कि ढाबा मालिक कृष्ण लाल आज किसी काम से बाहर गया हुआ था व ढाबा बंद था नहीं तो कोई बड़ी अनहोनी हो जाती। प्रत्यक्ष दर्शी बंटी व वीरेंद्र ने बताया कि आज दोपहर जैसे ही बारिश शुरू हुई थोड़ी देर में एक दम जोरदार आवाज आई तो सभी लोग बाहर का दृश्य देखकर डर के कारण इधर उधर भागने लगे। देखते ही देखते इस पानी के तेज बहाव में गंबरपुल पर कृष्णलाल का ढाबा गंबर नदी में समा गया । और अन्य दुकानों को भी काफी नुकसान हो गया। उन्होंने बताया कि गंबरपुल अमन पंडित के के घर में भी यह पानी तेज बहाव से घुसा व वहां घर के अंदर खेल रहे बच्चो को अगर समय रहते पकड़ा नही जाता तो यह पानी बच्चो को भी अपने साथ ले जाता। उन्होंने बताया कि यह उनके सामने क्षेत्र में पहली घटना है लोग इस घटना से बहुत डरे हुए हैं।
एस डी एम अर्की यादवेंद्र पॉल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।





