
कुनिहार के बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मैथ्स ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वर्ण पदक और मेरिट प्रमाण-पत्र हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि यह मैथ्स ओलंपियाड सिल्वर ज़ोन फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया था। इस प्रतियोगिता में विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के 13 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में वैष्णवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं महक पाल, मानविक कौशल, मोक्ष रघुवंशी, शिवांश शर्मा, अपराजिता, रावी ठाकुर, सृष्टि, लवनेश, मयंक, नीरव, सूर्यांश कँवर एवं रिधिमा ने मेरिट प्रमाण-पत्र प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय अध्यक्ष ने सभी सफल विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। विद्यार्थियों की इस सफलता पर अभिभावकों ने भी खुशी जाहिर की।
विद्यालय अध्यक्ष ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हुई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शैक्षणिक व प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए निरंतर प्रेरित करता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष ने सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, प्रभारी इशान भाटिया तथा स्टाफ सदस्यों को भी उनके सहयोग और परिश्रम के लिए शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।





