कुनिहार : बी एल स्कूल कुनिहार के निशांत ठाकुर ने लिया 77 वीं जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में भाग

कुनिहार : बी एल स्कूल कुनिहार के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक निशांत ठाकुर ने 77वीं जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में सफलतापूर्वक भाग लिया। यह परेड 26 जनवरी 2026 को जिला सोलन में आयोजित की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि शिक्षा विभाग सोलन के मार्गदर्शन में विद्यालय से एक एनएसएस स्वयंसेवक का चयन जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड हेतु किया गया था। उन्होंने बताया कि इस परेड के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन में 22 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक किया गया, जिसमें निशांत ठाकुर ने अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
विद्यालय अध्यक्ष ने इस उपलब्धि पर एनएसएस स्वयंसेवक निशांत ठाकुर, एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा तथा पुरुषोत्तम लाल को हार्दिक बधाई दी और इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं।
एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए बड़े गर्व की बात है कि हमारे विद्यालय का एक स्वयंसेवक जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बना। उन्होंने जानकारी दी कि इस जिला स्तरीय परेड की अध्यक्षता जिला एनएसएस समन्वयक डी.आर. भट्टी द्वारा की गई।
इस भव्य समारोह के मुख्यातिथि माननीय स्वास्थ्य मंत्री हिमाचल प्रदेश कर्नल धनी राम शांडिल रहे। कार्यक्रम में विधायक अर्की संजय अवस्थी, उप निदेशक स्कूल शिक्षा (उच्चतर) सोलन, जिला सोलन एनएसएस प्रभारी अरुण सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने निशांत ठाकुर की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Share the news