कुनिहार : विकास सभा की बैठक में सिविल अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर गहरा रोष, विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती की उठी जोरदार मांग

कुनिहार विकास सभा की बैठक में क्षेत्रीय सिविल अस्पताल की अव्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गुरुवार को तीखी नाराज़गी देखने को मिली। बैठक की अध्यक्षता सभा के प्रधान धनीराम तनवर ने की, जिसमें कार्यकारिणी सदस्यों गोपाल पंवर, दीप राम ठाकुर, जगदीश ठाकुर, बलबीर चौधरी, प्रेम राज चौधरी, मोहन सिंह चौधरी, भागमल तनवर, बाबूराम तनवर, संतराम, नागेंद्र ठाकुर, देवी राम मेहता, संजय राघव, ओमप्रकाश ठाकुर, ज्ञान ठाकुर, राजेश कुमार, अनिल वर्मा और दिनेश कुमार ने भाग लिया।

सभा ने एक स्वर में कहा कि सिविल अस्पताल कुनिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग पिछले तीन वर्षों से लगातार उठाई जा रही है, लेकिन सरकार व स्वास्थ्य विभाग इस महत्वपूर्ण मुद्दे की अनदेखी कर रहे हैं। सदस्यों ने आरोप लगाया कि एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ की नियुक्ति न होना सबसे बड़ी समस्या है, जबकि अस्पताल 12–13 पंचायतों की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करता है।
सदस्यों ने बैठक में बताया कि लोगों को साधारण जांच, चिकित्सा परामर्श और इलाज हेतु रोजाना सायरी, अर्की, सोलन और शिमला जैसे स्थानों की ओर रुख करना पड़ रहा है। सभा ने इसे क्षेत्र की जनता के अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि सरकार की इस उदासीनता के कारण मरीजों को आर्थिक व मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। बैठक में चर्चा के दौरान सदस्यों ने कहा कि डॉक्टर चक्रवर्ती अस्पताल में तैनात हैं और उनका व्यवहार व कार्यशैली सराहनीय है, लेकिन उनकी ड्यूटी अधिकांशतः रात में लगाई जाती है। इससे सुबह और दिन के समय अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर की उपलब्धता नहीं रहती, जिसके कारण दूर-दराज़ से आने वाले मरीजों को इलाज के लिए निराश होकर लौटना पड़ता है।
सभा ने बताया कि इस विषय पर कई बार जिला सीएमओ और बीएमओ को लिखित रूप में सुझाव और अनुरोध भेजे गए, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
सभा के प्रधान धनीराम तनवर ने कहा कि प्रदेश के अन्य स्थानों पर एमडी मेडिसिन डॉक्टरों की तैनाती तेजी से की जा रही है, जबकि कुनिहार जैसे बड़े क्षेत्र को लगातार उपेक्षित किया जा रहा है। उन्होंने इसे क्षेत्र के साथ अन्याय और सरकार की असंवेदनशीलता करार दिया।
बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि सरकार और स्वास्थ्य मंत्री द्वारा कुनिहार क्षेत्र को राजनीतिक आधार पर नजरअंदाज किया जा रहा है। सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया, तो आगामी चुनावों में जनता इसका जवाब देगी।
अंत में सभा ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सिविल अस्पताल में जल्द से जल्द एमडी मेडिसिन सहित आवश्यक विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने हेतु सरकार से आग्रह किया जाएगा।
कुनिहार विकास सभा ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई राजनीति नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य अधिकारों की है, जिसे हर हाल में उठाया जाता रहेगा।

Share the news