
कुल्लू : जिला पुलिस कुल्लू ने मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ा शिकंजा कसते हुए एनडीपीएस मामलों में बार-बार संलिप्त रहे खेम राज पुत्र (36 वर्ष) स्व. गोपी राम, निवासी गांव शाढ़ाबाई, डाकघर बजौरा, तहसील भून्तर, जिला कुल्लू को तीन माह की निरोधात्मक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार खेम राज के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कुल तीन मामले दर्ज थे, जिनमें उसके कब्जे से हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया था। बार-बार गिरफ्तारी के बावजूद वह गुपचुप तरीके से मादक पदार्थों की अवैध तस्करी में सक्रिय बना रहा।
इसी को देखते हुए जिला पुलिस कुल्लू ने मादक दवाओं और मन:प्रभावी पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम अधिनियम के तहत निरोधात्मक कैद का प्रस्ताव अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह), हिमाचल प्रदेश सरकार को भेजा था। सक्षम अधिकारी से आदेश प्राप्त होने के बाद खेम राज को दिनांक 20.12.2025 को भविष्य में मादक पदार्थों की तस्करी से रोकने के उद्देश्य से जिला कारागार कुल्लू में तीन महीने की अवधि के लिए हिरासत में भेज दिया गया है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।





