# कुल्लू पुलिस ने जंगल में फंसे 5 पर्यटकों को किया सुरक्षित रेस्क्यू |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

9 मई 2023

जिला कुल्लू में जहां इन दिनों मौसम खराब चल रहा है। तो वही ऊपरी इलाके में भी बर्फबारी हो रही है। ऐसे में मणिकर्ण घाटी की पहाड़ियों पर ट्रैकिंग करने निकले 5 पर्यटक जंगल में फस गए। वहीं, खराब मौसम में भी कुल्लू पुलिस की टीम ने उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना कुल्लू के अंतर्गत आने वाले पुलिस चौकी मणिकर्ण में आपातकालीन प्रतिक्रिया सहयोग प्रणाली फोन नंबर 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सार पास के रास्ते में नगारू नामक स्थान पर पांच पर्यटक गाइड सहित फंस गए हैं। सूचना मिलने पर सहायक उप निरीक्षक प्रदीप सैन प्रभारी पुलिस चौकी मणिकर्ण की अगुवाई में हेड कांस्टेबल कृष्णकांत व आरक्षी गगन के साथ चौकी से घटना स्थल की ओर रवाना हुए।

वहीं, रास्ते में कसोल से बचाव दल के सदस्य छापे राम नेगी को भी पुलिस दल द्वारा साथ लिया गया। विकट परिस्थितियों तथा खराब मौसम में पैदल यात्रा तय करते हुए बचाव दल घटना स्थल पर पहुंचा और बचाव दल द्वारा मिन थाच से पांचों पर्यटकों क्रमश: अंशुल निवासी नासिक (महाराष्ट्र), कैशव, गौरव और एहसास निवासीगण दिल्ली और राजेश शर्मा निवासी पानीपत (हरियाणा) को बचाव करते हुए सुरक्षित कसोल पहुंचाया गया है। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने बताया कि सभी पर्यटक सुरक्षित है। वहीं उन्होंने पर्यटकों से भी आग्रह किया कि वह अपनी मर्जी से पहाड़ों का रुख न करें। अगर वह पहाड़ ऊपर ट्रैकिंग के लिए जाते हैं तो वे अपने साथ गाइड को जरूर ले जाएं। वहीं, आपातकाल स्थिति में वे कुल्लू पुलिस से जरूर संपर्क करें।

वहीं, लाहौल स्पीति के काजा उप मंडल में भी पुलिस की टीम ने पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। एसपी लाहौल स्पीति मयंक चौधरी ने बताया कि पिछले कल शाम थाना काजा में 112 हेल्पलाइन शिमला से सूचना मिली कि कौमिक में कुछ पर्यटक बर्फ में फंस गए हैं और उन्हें पुलिस की मदद की जरूरत है। इस सूचना पर पुलिस पार्टी कौमिक पहुंची और पाया कि हर्ष कुमार, भावना, कशिश जैन, शुभम जैन और राहुल यादव नाम के 5 लोग सभी दिल्ली निवासी वाहन में बर्फबारी के कारण फंस गए थे। पुलिस टीम ने टैक्सी यूनियन काजा की मदद से इन लोगों को बचाया। इन लोगों को सुरक्षित काजा लाया गया और उसी के अनुसार इनके रहने की व्यवस्था की गई।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news