
कुल्लू-
जिला कुल्लू में अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े विषयों पर बुधवार को पुलिस लाइन बाशिंग के सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल ने की।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान, उप पुलिस अधीक्षक शेर सिंह, राजेश कुमार, क्षमा दत्त एवं राजीव मेहता सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कर्मियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा उनके समयबद्ध और प्रभावी समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही जिले में हाल ही में दर्ज आपराधिक मामलों की समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर विशेष जोर दिया गया। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों को और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश देते हुए पुलिस अधीक्षक ने नशा तस्करी में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने कहा कि जिला पुलिस अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ अपने कर्मचारियों के कल्याण के प्रति भी पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट सुशांत शर्मा….





