
कुल्लू – कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में पोषण अभियान के तहत खराल घाटी के नेवली, दैहनी धार और काइस क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित किए गए। यह केंद्र सरकार की प्रमुख योजना है, जिसका उद्देश्य गर्भवती और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।
इस योजना के तहत महिलाओं को मिनरल और पोषक तत्वों से भरपूर किट उपलब्ध करवाई जाती हैं, ताकि मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर बना रहे। साथ ही बच्चों में कुपोषण, कम वजन और कम लंबाई जैसी समस्याओं को भी रोका जा सके।
इस अवसर पर भाजपा नेता नरोत्तम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया का नंबर-1 राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी संभव है, जब देश की महिलाएं और आने वाली पीढ़ी स्वस्थ होगी। उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत का भी इस अभियान में सहयोग के लिए आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, मंडी लोकसभा क्षेत्र में अब तक करीब 18 हजार पोषण किट वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल वादे नहीं करती, बल्कि “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट: सुशांत शर्मा





