कुल्लू में फिर डरावना मंजर: इनर अखाड़ा बाजार में दोबारा भूस्खलन, लोग दहशत में

कुल्लू। जिला कुल्लू में लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसी कड़ी में कुल्लू के इनर अखाड़ा बाजार क्षेत्र में एक बार फिर भूस्खलन शुरू हो गया है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, इनर अखाड़ा बाजार स्थित सब्जी मंडी की ओर आने वाली पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरकर सड़क पर आ गई हैं। इससे सब्जी मंडी से मठ की ओर जाने वाला मार्ग बाधित हो गया है। साथ ही, आसपास के मकानों के डंगों को भी नुकसान पहुंचा है।

लगातार हो रही बारिश के कारण मठ क्षेत्र से मलबा लगातार नीचे खिसक रहा है, जिससे आसपास रह रहे लोग सहम गए हैं। हालात को देखते हुए कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर अपने घर अस्थायी रूप से खाली कर सुरक्षित स्थानों का रुख किया है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने क्षेत्र का जायजा लेकर लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए हैं। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह भी दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी से गिर रहा मलबा कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी इसी क्षेत्र में हुए भीषण भूस्खलन में कई मकान मलबे में दब गए थे और 10 लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी।

फिलहाल कुछ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों और गुरुद्वारे में ठहराया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक निर्देशों का ही पालन करें।

कुल्लू ब्यूरो – सुशांत शर्मा

Share the news