
कुल्लू:
जिला कुल्लू में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना पतलीकुहल की टीम ने गश्त के दौरान यह कार्रवाई की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 मार्च 2026 को पतलीकुहल थाना की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान 15 मील के पास पानी की बावड़ी (शिव बावड़ी) के समीप एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने जब उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 1.220 किलोग्राम चरस/कैनाबिस बरामद की गई।
आरोपी की पहचान भीमू ओली (40 वर्ष) पुत्र धनीराम ओली, मूल निवासी नेपाल और वर्तमान निवासी गांव सदारा, डाकघर न्योली, तहसील व जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पतलीकुहल में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि चरस के स्रोत, सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने बताया कि मामले में विस्तृत जांच जारी है और नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।





