कृषि विज्ञान केंद्र सोलन ने मनाया सेब दिवस

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

19 जुलाई 2023

कण्डाघाट स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र सोलन द्वारा बुधवार को सेब दिवस का आयोजन किया गया जिसमें सोलन जिला के 70 किसानों ने भाग लिया। कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रभारी डॉ जितेन्द्र चौहान ने किसानों का स्वागत किया व उन्हें मध्य पर्वतीय क्षेत्र में उगाई जाने वाली सेब की किस्मों जैसे अर्ली रेड वन, जीरोमाइन, रेड वेलोक्स, स्कारलेट स्पर II, रेड लम गाला, गेल गाला, शिंको गाला, डार्क बैरन गाला आदि के विषय में विस्तृत जानकारी दी।

केन्द्र के प्रधान कार्य मैनेजर डा. डी. डी. शर्मा ने सेब में कांट- छांट एवं क्लोनल रूट स्टाक के विषय पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ पौध रोग विशेषज्ञ डा. आरती शुक्ला ने सेब में लगने वाले रोगों के प्राकृतिक प्रबंधन पर जानकारी दी व कीट रोग विशेषज्ञ डा. अनुराग शर्मा ने कीटों के पर्यावरणीय अनुकूल प्रबंधन के विषय में जानकारी दी। मृदा वैज्ञानिक डॉ मीरा देवी ने सेब में प्राकृतिक कृषि के घटकों जैसे जीवामृत एवं घन जीवामृत तैयार करने व इस्तेमाल करने की जानकारी साझा की। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया जिसमें सेब की विभिन्न किस्मों तथा प्राकृतिक खेती में प्रयुक्त होने वाले घटकों जैसे जीवामृत घन जीवामृत, दशपर्णी अर्क, पौधास्त्र, सौंठास्त्र, ब्रह्मास्त्र, अग्निअस्त्र एवं खट्टी लस्सी को प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को दर्शाया गया।

इसके अतिरिक्त अन्न प्रदर्शनी भी लगाई गई और इसके लाभों के बारे में बताया गया। इसके पश्चात किसानों को कृषि विज्ञान केन्द्र सोलन के सेब के बागीचे का भ्रमण करवाया गया जहाँ किसानों ने विभिन्न क़िस्मों का अवलोकन करने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण विषयों पर वैज्ञानिकों से चर्चा की। इस कार्यक्रम में केन्द्र के अन्य वैज्ञानिक डा. राजेश ठाकुर, डॉ. सीमा ठाकुर, प्रधान फार्म मैनेजर डॉ. जी. डी. दुबे व क्षेत्र सहायक प्रताप सिंह उपस्थित रहे।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news