केंद्रीय टीम को दास्तां सुनाते फूट-फूटकर रो पड़ीं बबीता, बोलीं- नया मकान बाढ़ में बह गया

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

20 जुलाई 2023

सर, बड़ी मुश्किल से बनाया हुआ हमारा मकान बह गया। यह बात कहते हुए थुनाग में केंद्रीय टीम को अपनी दास्तां सुनाते हुए बबीता कुमारी रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि मुश्किल से हमने नया मकान बनाया था। वह बाढ़ में बह गया। सर हम बेघर हो गए हैं। हमारे पास कुछ भी नहीं रहा है इसलिए हमारे लिए सरकार और प्रशासन की ओर से कुछ और इंतजाम किया जाए। थुनाग के शांता कुमार ने कहा सर मेरा ग्रीनहाउस बाढ़ में पूरी तरह बर्बाद हो गया। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई भी राहत राशि नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि इस तरह से और भी किसान हैं जिनके ग्रीनहाउस बर्बाद हुए हैं लेकिन प्रशासन की ओर से उन्हें कोई भी राहत राशि नहीं दी गई है। इसी तरह कुछ अन्य पीड़ितों ने भी आपबीती केंद्र की टीम बताई। टीम ने सभी की दास्तां सुनी और उचित मदद का आश्वासन दिया। अंतर मंत्रालय और केंद्रीय दल के नेता रविनेश कुमार ने कहा कि हिमाचल में हमारी दो टीमें हिमाचल का दौरा कर रही हैं। हम गृह मंत्रालय को रिपोर्ट सौंपेंगे कि हिमाचल में क्या-क्या नुकसान हुआ है।

कीचड़ पर चलकर थुनाग पहुंची टीम
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के वित्तीय सलाहकार रविनेश कुमार के नेतृत्व वाली चार सदस्यीय अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम ने मंडी जिले में बारिश प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। टीम ने थुनाग में कीचड़ पर चलकर नुकसान का जायजा लिया। केंद्रीय टीम ने मंडी जिला के थुनाग, पंडोह, औट और बालीचौकी क्षेत्रों का दौरा किया। यहां 9-10 जुलाई को भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। टीम ने क्षतिग्रस्त मकानों-दुकानों का निरीक्षण करने के साथ साथ प्रभावित परिवारों से बातचीत भी की।
इसके अलावा उन्होंने सड़क, पुल, पेयजल और विद्युत समेत अन्य परियोजनाओं को पहुंचे नुकसान का आकलन किया। इस दौरान अंतर मंत्रालयी केंद्रीय दल के टीम लीडर एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के वित्तीय सलाहकार रविनेश कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशों पर उनकी आठ सदस्यीय टीम हिमाचल में बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। इस टीम को 4-4 सदस्यों के साथ दो भागों में बांटा है। एक टीम मंडी, कुल्लू के दौरे पर है, वहीं दूसरी सोलन, शिमला और किन्नौर जिलों का दौरा कर नुकसान का जायजा ले रही है। यह टीम हिमाचल में क्षति का जायजा लेने के बाद केंद्र सरकार को यहां की वस्तुस्थिति से अवगत कराएगी।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news