कॉर्पोरेट घरानों के लिए बनाई गई अग्नि वीर योजना : रोहित चौधरी

ख़बर अभी अभी शिमला ब्यूरो

 27 मई 2024

रिटायर्ड कर्नल रोहित चौधरी ने कहा की अग्नि वीर योजना के अंतर्गत सेना के जवानों को सेवानिवृत्ति पर कॉर्पोरेट घरानों में सुरक्षा कर्मियों की नौकरी देने की बात अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अग्नि वीर योजना सेवा की सहमति के बिना बनाई गई और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अपने स्तर पर थोपी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने अपने न्याय पत्र में देश के युवाओं को न्याय देने की उद्देश्य से अग्नि वीर योजना को पूरी तरह से समाप्त करने का फैसला किया है । उन्होंने कहा की सेना में भर्ती पहले की तरह आरंभ की जाएगी।

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए एआईसीसी एक्स सर्विसमैन विभाग के अध्यक्ष रोहित चौधरी ने कहा कि 14 जून 2022 को लागू की गई अग्नि वीर योजना देश की सेवा समेत युवाओं और सुरक्षा के हित में नहीं है । उन्होंने कहा कि 4 साल में जवान अनट्रेंड ही रहेंगे और एक अनट्रेंड जवान सीमा की सुरक्षा किस प्रकार कर पाएगा, यह एक बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि मोदी इस योजना पर कोई जवाब नहीं दे रहे हैं और इस योजना पर घिरते नजर आ रहे हैं । प्रधानमंत्री मोदी जहां भी जा रहे हैं वहां युवा उनसे अग्नि वीर योजना बाबत सवाल पूछ रहे हैं । उन्होंने सवाल किया कि पूरे देश में आज एक भी लाभार्थी इस योजना के अंतर्गत ढूंढे नहीं मिल रहा है। इस मौके पर उन्होंने एक चलचित्र प्रस्तुत करते हुए पीएम मोदी के बयानों में असमानता को साफ किया। जिसमें पीएम मोदी ने हर चुनावी मंच पर पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन में जारी राशि में अलग-अलग आंकड़े प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 6 माह पहले उन्होंने 70 हजार करोड़ की बात की थी‌। रेवाड़ी में दो माह पूर्व एक लाख करोड़ और 2 दिन पूर्व मंडी में आयोजित रैली में सवा लाख करोड़ दिए जाने की बात कही है। बयानों की इस असमानता पर अपने झूठ को लेकर मोदी पकड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि वह भारत के बॉर्डर पर जाकर होली और दिवाली सैनिकों के साथ मनाते हैं, और वापस आकर उनके साथ षड्यंत्र रचते हैं। अपने पूंजीपति मित्रों के निजी लाभ के लिए अन्यायपूर्ण योजनाओं का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि साजिषानापूर्ण ढंग से इस अग्नि वीर योजना का निर्माण अपने पूंजीपति साथियों के कॉर्पोरेट घरानों को लाभ प्रदान करने के लिए किया गया है। अग्निपथ योजना से सेवानिवृत हुए सैनिकों को अदानी और अंबानी के कॉर्पोरेट कंपनियां में निजी सुरक्षा कर्मियों के तौर पर भर्ती किया जाएगा। जिसका पीएम मोदी स्वयं खुलासा भी कर चुके हैं ।पीएम मोदी ने अपने एक संवाद में साफ कहा है कि अग्नि वीर योजना से सेवानिवृत हुए जवानों को निजी सुरक्षा में भर्ती की जाने का प्लान है। इस मौके पर उन्होंने न्याय पत्र के अंतर्गत अग्नि वीर योजना के लिए अधीर रंजन, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी द्वारा चलाई गई जय जवान मुहिम का जिक्र किया। साथ ही कांग्रेस का सैनिकों और पूर्व सैनिकों के प्रति मेनिफेस्टो प्रस्तुत किया।

Share the news