
#क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद की कमान करीब 22 साल बाद संभालेगा नया चेहरा*
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो
29 अक्टूबर 2022
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद की कमान करीब 22 साल बाद नया चेहरा संभालेगा। अनुराग ठाकुर और अरुण धूमल इस बार अध्यक्ष पद की दौड़ में नहीं होंगे। इससे साफ है कि एचपीसीए के सबसे बड़े पद पर नया चेहरा बैठेगा। एचपीसीए के अध्यक्ष और कार्यकारिणी के आज सुबह 11:00 बजे नामांकन शुरू होगा। दोपहर बाद नामांकन वापस ले सकेंगे। पिछले 22 साल से एचपीसीए की कमान अनुराग और अरुण धूमल के पास रही। लोढ़ा समिति के नियमों के चलते अनुराग और अरुण अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ सकते। सितंबर 1984 में एसोसिएशन को बीसीसीआई से संबद्धता मिली। तब एचपीसीए को प्रीतपाल सिंह के रूप में पहला अध्यक्ष मिला।
लोढ़ा समिति के नियमों में एचपीसीए के वर्तमान पदाधिकारी अध्यक्ष और कार्यकारिणी के पदों पर चुनाव लड़ सकते हैं। अभी उनका कार्यकाल केवल तीन साल का हुआ है। लोढ़ा समिति की सिफारिशों में एक पदाधिकारी संघ के विभिन्न पदों पर करीब नौ साल तक ही रह सकता है।
29 अक्तूबर को अध्यक्ष और कार्यकारिणी के चुनाव के लिए नामांकन होगा। इसी दिन नामांकन वापस भी लिए जाएंगे। अगर एक पद के लिए एक से अधिक नामांकन नहीं होते हैं तो निर्विरोध ही कार्यकारिणी का चुनाव हो जाएगा।
– आरपी सिंह, उपाध्यक्ष, एचपीसीए
नहीं लड़ूंगा अध्यक्ष का चुनाव
अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ूंगा। नया अध्यक्ष कौन होगा। यह चुनाव के बाद पता चलेगा। सदस्य तय करेंगे कि नया अध्यक्ष कौन बनेगा। अरुण धूमल, चेयरमैन, आईपीएल।





