खुलासा: आरएलए के क्लर्क ने एसडीएम सोलन की भी बना दी थी फर्जी आईडी, जांच में जुटी पुलिस

पंजीकरण और लाइसेंसिंग प्राधिकरण (आरएलए) सोलन में सामने आए वाहन रजिस्ट्रेशन फर्जीवाड़े की जांच में एक और नया खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि जिस क्लर्क पर ट्रकों के फर्जी पंजीकरण के आरोप लग रहे हैं, उसने एसडीएम सोलन की भी फर्जी आईडी तैयार कर दी थी।

हालांकि, अभी यह पता नहीं चला है कि इस आईडी से किसी वाहन का पंजीकरण हुआ है या नहीं। सूत्रों के मुताबिक एसडीएम की फर्जी आईडी से शातिर बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े को अंजाम देने की फिराक में थे। इसकी सहायता से बाहरी राज्यों के वाहनों को बिना किसी सत्यापन के पंजीकृत करने का धंधा चलाया जाना था।

आरएलए में कुछ दिन पहले बिना किसी सत्यापन के फर्जी तरीके से वाहन पंजीकृत किए जाने का मामला सामने आने के बाद एसडीएम सोलन ने अपने स्तर पर भी जांच शुरू की थी, जिसमें पता चला कि क्लर्क ने फर्जीवाड़े के लिए उनके नाम की भी फर्जी लॉगिन आईडी तैयार की थी। इसके बाद एसडीएम ने जांच करने को कहा है, ताकि यह पता चलेगा कि इस फर्जी आईडी से कितने वाहनों का पंजीकरण हुआ है। क्लर्क ने अपने नाम से भी दो आईडी बनाई थी, इसका खुलासा पहले ही हो चुका है। पुलिस भी जांच कर रही है।

Share the news