
#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*
22 अगस्त 2023
धर्मशाला जिले की सब्जी मंडियों में सब्जियों के दामों में गिरावट आई है, लेकिन अब भी बाजार में सब्जियाें के दाम कम नहीं हो रहे हैं। गगल से धर्मशाला तक करीब 12 किलोमीटर दूरी पर ही सब्जी के दामों में 20 फीसदी तक कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि संबंधित विभाग भी दुकानदारों की इस मनमानी को लेकर बेखबर है।
जानकारी के अनुसार गगल बाजार में 80 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिकने वाला टमाटर धर्मशाला शहर के बाजारों में 100 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बेचा जा रहा है। साथ ही गगल में 80 रुपये बिकने वाली फूलगोभी धर्मशाला में 120 रुपये प्रतिकिलो के भाव बिक रही है। इसके अलावा गगल बाजार में 40 रुपये बिकने वाला करेला धर्मशाला शहर के बाजार में 60 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहा है।
लोगों ने संबंधित विभाग से आग्रह किया है कि इन दामों को लेकर विभाग की ओर से जांच की जाए। साथ ही मनमानी करने वाले दुकानदारों पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस संदर्भ में जिला खाद्य नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि मामले को लेकर जांच की जाएगी। अगर दुकानदार मनमाने दाम वसूल रहे हैं, तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*





